डलहौजी नागरिक चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड मशीन का होगा शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया करेंगे उद्घाटन

डलहौजी/चम्बा 19 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिला चंबा के डलहौजी स्थित नागरिक चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इसी क्रम में अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कुलदीप सिंह पठानिया उपस्थित रहेंगे, जो इस सुविधा का विधिवत उद्घाटन करेंगे।जारी निमंत्रण के अनुसार यह कार्यक्रम सोमवार, 20 अप्रैल 2026 को दोपहर 12:00 बजे नागरिक चिकित्सालय डलहौजी में आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंबा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

इस आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सक एवं आम जनता भी भाग लेगी।अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब मरीजों को जांच के लिए दूरदराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। खासकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों के लिए यह सुविधा बेहद लाभकारी साबित होगी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि लोगों को अपने नजदीकी अस्पताल में ही सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।