डलहौजी नागरिक चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत

चम्बा/डलहौजी 20 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने नागरिक चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड सुविधा का शुभारंभ किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ डलहौजी आने वाले पर्यटकों को भी त्वरित और बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रेस क्लब डलहौजी के तहत एसडीएम कार्यालय के समीप नए प्रेस कक्ष का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह समाज व सरकार के बीच सेतु का कार्य करती है।

बचत भवन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक आधारित मशीनरी और उपकरणों की व्यवस्था की जा रही है, जिससे लोगों को बेहतर और सुलभ उपचार मिल रहा है।उन्होंने जिला चंबा के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, विद्युत और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है।

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राज्य सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।भटियात विधानसभा क्षेत्र के विकास पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए लगभग 190 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है, जिनका जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. भारद्वाज ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक डीएस ठाकुर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
