चंबा में नशीली दवाओं की सप्लाई पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत
चम्बा 20 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा में नशीली व आदत बनाने वाली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुलाकड़ी निवासी हरमीत को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 17 अप्रैल 2026 को उस मामले में की गई, जो 1 दिसंबर 2025 को दर्ज हुआ था। विभाग द्वारा की गई छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से Tapentadol और Pregabalin दवाओं का भारी स्टॉक बरामद किया गया, जो डेल्हीवरी कूरियर के माध्यम से मंगवाया गया था।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बरामद दवाओं में से एक उत्पाद नकली था, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई। आगे की जांच में मुंबई से इन दवाओं की सप्लाई करने वाले मोहम्मद अहमद को भी गिरफ्तार किया गया। वह उत्तर प्रदेश का निवासी है और मुंबई से चंबा क्षेत्र में Pregabalin जैसी दवाओं की आपूर्ति का अवैध कारोबार चला रहा था।ड्रग्स कंट्रोल विभाग के अनुसार, इस मामले में 5 से 6 अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जो अभी जांच के दायरे में हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी संभव है। पिछले दो वर्षों में चंबा जिले में इस प्रकार की 35 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें आदत बनाने वाली दवाओं की अवैध बिक्री शामिल है। विभाग अब इन सभी मामलों की गहन जांच कर रहा है और जहां आवश्यक होगा, वहां आगे गिरफ्तारियां भी की जाएंगी।दोनों आरोपियों को आज माननीय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, चंबा की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।गौरतलब है कि चंबा में यह पहला मामला है, जिसमें ड्रग्स कंट्रोल प्रशासन ने सीधे तौर पर नशीली दवाओं की सप्लाई में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच अभी जारी है।