ढांक से गिरने से ग्रामीण की दुखद मौ#त, गांव में शोक की लहर

भरमौर/चम्बा 21 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
जनजातीय उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत पियूहरा में एक दर्दनाक हादसे में एक ग्रामीण की जान चली गई। मृतक की पहचान सर्वदयाल पुत्र स्वर्गीय फंदी राम, निवासी गियूंरा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम सर्वदयाल अपने पुराने घर में आयोजित एक सामाजिक समारोह में शामिल होने के बाद अपने नए घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अंधेरा होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गहरी ढांक में जा गिरा। गिरने के बाद सर्वदयाल की कराहने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पड़ोसियों ने तुरंत परिजनों को भी इस घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल सर्वदयाल को उठाकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सोमवार सुबह पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।पुलिस ने इस मामले में प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के वास्तविक कारणों की गहन जांच जारी है।इस संबंध में एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।