चंबा में आदर्श आचार संहिता के पालन हेतु शिकायत निगरानी प्रकोष्ठ का गठन
चंबा 22 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने जिले के शहरी क्षेत्रों में लागू आदर्श आचार संहिता की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस क्रम में सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में एक शिकायत निगरानी प्रकोष्ठ के गठन के आदेश जारी किए गए हैं।यह शिकायत निगरानी प्रकोष्ठ आम जनता की आचार संहिता से संबंधित शंकाओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कार्य करेगा। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से आचार संहिता के उल्लंघन की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा और शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित होगा। यह प्रकोष्ठ उपायुक्त कार्यालय में संचालित किया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर निगरानी और समन्वय को और मजबूत बनाया जा सके।अतिरिक्त उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आदर्श आचार संहिता के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण बनाए रखा जा सके।जनसाधारण अपनी शिकायतें और सुझाव ईमेल के माध्यम से ac2dc-cha-hp@nic.in पर भेज सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 6230425003 और 98166-98166 (व्हाट्सएप) पर भी संपर्क कर सकते हैं। त्वरित सहायता के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर भी संपर्क किया जा सकता है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के उल्लंघन की सूचना तुरंत साझा करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। इस पहल से जिले में पारदर्शिता, जवाबदेही और कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।
