बनीखेत में 22 वर्षीय महिला ने निगला जहरीला पदार्थ चंबा मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में हुई मौत

डलहोजी/ चम्बा 29 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत बनीखेत में बीते कल एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उपचार के लिए जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 22 वर्षीय निशा निवासी तीसा के रूप में हुई है, जो अपने छोटे बच्चे के साथ बनीखेत में रहकर मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन कर रही थी। बताया जा रहा है कि बीते दिन अज्ञात कारणों के चलते महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनीखेत पहुंचाया।डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच चुके हैं। पुलिस द्वारा आज पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।