पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में बालवाटिका-3 व कक्षा-1 के नन्हे विद्यार्थियों का भव्य स्वागत समारोह आयोजित

डलहौजी/चम्बा 05 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री योजना के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय संगठन के अधीन संचालित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत के प्राथमिक विभाग में बीते दिन बालवाटिका-3 एवं कक्षा-1 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर हर्षोल्लास और उत्साह से भर उठा, जहां नन्हे-मुन्ने बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या कर्मजीत कौर द्वारा बच्चों को तिलक लगाकर कक्षा में प्रवेश करवाने के साथ हुई।

इसके पश्चात पीएम श्री योजना के तहत विद्यार्थियों को शिक्षण-अधिगम सामग्री का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।अपने संबोधन में प्राचार्या करमजीत कौर ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने अभिभावकों को केंद्रीय विद्यालय संगठन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया तथा विद्यालय में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखने की सलाह देते हुए कहा कि इससे बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।कार्यक्रम में मुख्याध्यापक उमेश कुमार ने भी अभिभावकों को विद्यालय के नियमों और शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

मंच संचालन इमराना और कीर्ति राज द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया।इस अवसर पर कक्षा-5 के विद्यार्थियों ने सुषमा के मार्गदर्शन में स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया। अंत में मुख्याध्यापक उमेश कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।समारोह में नितिन सागर, धर्मेंद्र, मोहिनी, सुनील कुमार और राजेश खंडवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।