जिला चंबा में पंचायत चुनावों को लेकर उत्साह चरम पर, कुल 8479 नामांकन हुए दाखिल

चंबा 12 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पंचायती राज चुनावों को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सह जिला पंचायत अधिकारी, चंबा द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, महज तीन दिनों के भीतर कुल 8479 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं, जो इस बार चुनावी माहौल की सक्रियता को दर्शाता है।आंकड़ों के अनुसार, प्रधान पद के लिए 1591 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है, जबकि उप प्रधान पद के लिए 1568 नामांकन दाखिल हुए हैं। सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा वार्ड सदस्य पद पर देखने को मिल रही है, जहां कुल 4564 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं।

इसके अतिरिक्त पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 636 तथा जिला परिषद सदस्य पद के लिए 120 नामांकन प्राप्त हुए हैं।यदि दिनवार विश्लेषण करें तो पहले दिन 2067, दूसरे दिन 2581 और तीसरे दिन रिकॉर्ड 3831 नामांकन पत्र दाखिल हुए। अंतिम दिन नामांकन केंद्रों पर भारी भीड़ देखी गई, जिससे स्पष्ट है कि उम्मीदवारों ने आखिरी समय तक अपने आवेदन दाखिल किए।प्रशासन के अनुसार अब अगला चरण नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) का होगा, जिसमें वैध और अवैध नामांकन की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद निर्धारित तिथियों के अनुसार नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न होगी और अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी।जिला प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने और शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की है। बढ़ती नामांकन संख्या से यह संकेत मिल रहा है कि इस बार पंचायत चुनावों में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।