समालखा हरियाणा में बाबा हरदेव सिंह को समर्पित ‘समर्पण दिवस’ पर भव्य सत्संग का आयोजन

डलहौजी/ चम्बा 12 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
मानवता, प्रेम और आध्यात्मिक जागृति के प्रतीक युगदृष्टा बाबा हरदेव सिंह जी की पावन स्मृति में ‘समर्पण दिवस’ के अवसर पर कल 13 मई को हरियाणा के समालखा स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर भव्य सत्संग का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सायं 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं श्रद्धेय निरंकारी राजपिता के सान्निध्य में संपन्न होगा।इस विशाल संत समागम में देश-विदेश से श्रद्धालु, भक्तगण और मानवता प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेकर श्रद्धा, भक्ति और समर्पण के पुष्प अर्पित करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालु सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीर्वचनों का श्रवण करेंगे। विशेष बात यह है कि इस आयोजन का सीधा प्रसारण निरंकारी मिशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जाएगा, जिससे विश्वभर के श्रद्धालु भी इसका लाभ उठा सकेंगे।बाबा हरदेव सिंह जी ने अपने जीवनकाल में प्रेम, करुणा, विनम्रता और सहअस्तित्व का संदेश देते हुए मानवता को आत्मज्ञान का मार्ग दिखाया।

लगभग 36 वर्षों तक मिशन का नेतृत्व करते हुए उन्होंने संत निरंकारी मिशन को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई। उनके नेतृत्व में मिशन ने रक्तदान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और महिला सशक्तिकरण जैसे अनेक सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया।आज संत निरंकारी मिशन 67 से अधिक देशों में सक्रिय होकर मानव कल्याण, नैतिक मूल्यों और विश्व बंधुत्व का संदेश फैला रहा है। वर्तमान में सतगुरु माता सुदीक्षा ज महाराज इस दिव्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का प्रचार-प्रसार कर रही हैं।‘समर्पण दिवस’ केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि बाबा जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देने वाला एक पावन अवसर है।