पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत का 12वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम, विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

डलहौजी/ चम्बा 13 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत ने सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने विज्ञान और वाणिज्य दोनों संकायों में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया।इस वर्ष परीक्षा में एकता सोनी ने 91.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दोनों संकायों में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने हिंदी और अकाउंट्स विषय में 98-98 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। विज्ञान संकाय में परीक्षित ठाकुर ने 89.8 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि तन्वी बैरी ने 88.2 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। तन्वी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय में 100 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कोमल ने 87.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया और एआई विषय में 100 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।वहीं वाणिज्य संकाय में भी एकता सोनी ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। मृदुल ने 85.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान और सिद्धार्थ ने 83.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।विद्यालय की प्राचार्या ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय का अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण ही इस तरह के उत्कृष्ट परिणामों का आधार है।विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और समाज का नाम रोशन करेंगे।