चंबा, डलहौजी और चुवाड़ी में 17 मई को मतदान, सभी तैयारियां पूर्ण :- जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल

चंबा, डलहौजी और चुवाड़ी में 17 मई को मतदान, सभी तैयारियां पूर्ण :- जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपासवाल
चंबा, 16 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के नगर परिषद क्षेत्रों चंबा और डलहौजी तथा नगर पंचायत चुवाड़ी में 17 मई को होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने दी। उन्होंने बताया कि अंतिम दौर की रिहर्सल के बाद सभी पोलिंग पार्टियां मतदान उपकरणों और आवश्यक सामग्री के साथ अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो चुकी हैं और वहां पहुंचकर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर परिषद चंबा के 11 वार्डों में कुल 35 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यहां 14,855 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 7,266 पुरुष और 7,589 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं नगर परिषद डलहौजी के 9 वार्डों में 21 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जहां कुल 3,150 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 1,656 पुरुष और 1,494 महिला मतदाता शामिल हैं।

नगर पंचायत चुवाड़ी के संबंध में उन्होंने बताया कि यहां कुल 7 वार्ड हैं, जिनमें से वार्ड नंबर 3 से एक उम्मीदवार निर्विरोध चुना जा चुका है। शेष 6 वार्डों में 16 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन वार्डों में कुल 2,579 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1,271 पुरुष और 1,308 महिला मतदाता शामिल हैं।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और 17 मई को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट क्षेत्र के विकास और खुशहाली की दिशा तय करता है, इसलिए सभी नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ मतदान करना चाहिए।प्रशासन ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।