चम्बा में तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव, 3813 कर्मियों की तैनाती

चम्बा, 18 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चम्बा में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। इन चुनावों के सफल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले भर में कुल 3813 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें सेक्टर अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, सहायक पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी शामिल हैं। विकास खंडवार तैनाती के अनुसार भरमौर में 464, भटियात में 766, चम्बा में 536, मैहला में 521, पांगी में 295, सलूणी में 632 तथा तीसा में 599 कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में लगाए गए हैं।उपायुक्त ने आगे बताया कि जिला स्तर पर चुनाव व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कुल 57 सेक्टर अधिकारी, 396 सहायक निर्वाचन अधिकारी, 824 पीठासीन अधिकारी और 2536 मतदान अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराना है, ताकि मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इसके लिए सुरक्षा, लॉजिस्टिक्स और प्रशिक्षण से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।