“आरएस बाली पर निशाना साधने के लिए चंबा के स्वाभिमान का अपमान क्यों?”, मनीष सरीन का पवन नैय्यर पर तीखा हमला

“आरएस बाली पर निशाना साधने के लिए चंबा के स्वाभिमान का अपमान क्यों?”, मनीष सरीन का पवन नैय्यर पर तीखा हमला

डलहौजी/चम्बा 19 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौज़ी विधानसभा क्षेत्र से 2022 के पूर्व प्रत्याशी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनीष सरीन ने भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक पवन नैय्यर के हालिया बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने नैय्यर द्वारा चंबा में आयोजित प्रेस वार्ता में एचपीटीडीसी के अध्यक्ष आरएस बाली पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह तथ्यहीन, राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित और क्षेत्रवाद फैलाने वाला बताया।मनीष सरीन ने कहा कि पवन नैय्यर ने यह आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) में केवल नगरोटा बगवां के लोगों को नियुक्त किया जा रहा है और अन्य जिलों के लोग “लायक” नहीं हैं।

सरीन के अनुसार यह बयान न केवल आरएस बाली पर हमला है, बल्कि पूरे चंबा जिले और हिमाचल प्रदेश के युवाओं की योग्यता और सम्मान का अपमान भी है।उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक पूर्व विधायक राजनीतिक हताशा में इस स्तर तक गिरकर अपने ही प्रदेश के युवाओं को “नालायक” साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। सरीन ने जोर देकर कहा कि चंबा के युवाओं ने सेना, प्रशासन, शिक्षा, पर्यटन, व्यापार और सामाजिक सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।सरीन ने आगे कहा कि यदि एचपीटीडीसी में नियुक्तियों को लेकर कोई अनियमितता है, तो पवन नैय्यर को ठोस प्रमाणों के साथ तथ्य सार्वजनिक करने चाहिए। बिना तथ्यों के आरोप लगाकर क्षेत्रीय भावनाओं को भड़काना और एक क्षेत्र को दूसरे के खिलाफ खड़ा करना भाजपा की पुरानी रणनीति रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा धर्म, जाति और क्षेत्र के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति करती आई है और अब हिमाचल में भी इसी तरह का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सरीन ने कहा कि हिमाचल की पहचान भाईचारे और एकता की रही है, जिसे इस तरह के बयान नुकसान पहुंचाते हैं।अंत में सरीन ने कहा कि चंबा जिला सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय नैय्यर केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं से आग्रह किया कि वे बेबुनियाद आरोपों से बचें और जनता के असली मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!