डलहौजी में बारिश से मौसम सुहावना, भीषण गर्मी के बीच सैलानियों का बढ़ सकता है रुझान

डलहौजी में बारिश से मौसम सुहावना, भीषण गर्मी के बीच सैलानियों का बढ़ सकता है रुझान

डलहौजी/ चम्बा , 23 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जहां एक ओर पंजाब सहित देश के कई मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, वहीं हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौजी में मौसम ने करवट ली है। शुक्रवार सुबह हुई हल्की बारिश और गरज के साथ छींटों ने पूरे क्षेत्र के मौसम को सुहावना बना दिया, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।सुबह के समय डलहौजी में ठंडक का असर साफ देखने को मिला। स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावक छाता और हल्के गर्म कपड़ों के साथ नजर आए, जबकि स्थानीय लोगों ने भी ठंडी हवाओं के चलते गर्म वस्त्र पहनना शुरू कर दिया। बारिश के बाद वातावरण में ताजगी और ठंडक का अहसास बना रहा, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि डलहौजी में हल्की बारिश भी मौसम को पूरी तरह बदल देती है। अचानक तापमान गिरने से यहां ठंडक बढ़ जाती है और लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान मौसम न केवल स्थानीय लोगों के लिए राहत भरा है, बल्कि यह पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।पंजाब और अन्य मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के चलते अब सैलानियों का रुझान पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में डलहौजी में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो सकती है, जिससे स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि मौसम में आए इस बदलाव से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य पर्यटन गतिविधियों को नया बल मिलेगा। कुल मिलाकर, डलहौजी का सुहावना मौसम एक बार फिर पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!