चम्बा में बढ़ते पेट्रोल-डीजल दामों से आम जनता परेशान, पांगी में स्थिति और भी गंभीर

चम्बा में बढ़ते पेट्रोल-डीजल दामों से आम जनता परेशान, पांगी में स्थिति और भी गंभीर

चम्बा, 23 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

देशभर में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है, जिसका असर हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। आज शनिवार को चम्बा में पेट्रोल की कीमत 99 रुपये 28 पैसे और डीजल 91 रुपये 23 पैसे दर्ज की गई। ईंधन के बढ़ते दामों से लोगों के बीच निराशा और असंतोष का माहौल है।विशेषज्ञों के अनुसार, ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन और मालभाड़े पर पड़ता है, जिससे रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ जाती हैं। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है, जिनका मासिक बजट लगातार बिगड़ता जा रहा है।

जनजातीय क्षेत्र पांगी में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। यहां आसपास कोई पेट्रोल पंप न होने के कारण लोगों को ईंधन के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। पांगी के निवासियों को पेट्रोल और डीजल के लिए जम्मू-कश्मीर के गुलाबगढ़ और किश्तवाड़ या फिर चम्बा जिले के तीसा स्थित खुशनगरी पेट्रोल पंप तक जाना पड़ता है, जो 100 से 111 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। इसके अलावा कुल्लू-मनाली मार्ग पर भी काफी दूर जाने के बाद ही पेट्रोल पंप उपलब्ध हो पाता है।इन परिस्थितियों में कई लोग स्थानीय स्तर पर ऊंचे दामों पर पेट्रोल-डीजल खरीदने को मजबूर हैं। हर साल भारी बर्फबारी के कारण पांगी क्षेत्र करीब छह महीने तक बाहरी दुनिया से कट जाता है, जिससे ईंधन की उपलब्धता और भी मुश्किल हो जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ईंधन महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ता है, जिससे खाद्य पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी बढ़ जाते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर नियंत्रण कर आम जनता को राहत दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!