डलहौजी में पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा, पहले चरण में बड़ी सफलता

डलहौजी में पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा, पहले चरण में बड़ी सफलता

डलहौजी/ चम्बा 27 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में संपन्न हुए पंचायती राज चुनावों के प्रथम चरण के परिणामों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत पकड़ का परिचय दिया है। प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्यों के स्तर पर मिली इस सफलता ने पार्टी के जनाधार को और सुदृढ़ किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है।विधायक के अनुसार, बीते दिन हुए प्रथम चरण के चुनावों में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल 20 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ। इनमें से 17 पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रधान उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जो पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इसके साथ ही 15 उप प्रधानों तथा वार्ड सदस्यों का प्रदर्शन भी अत्यंत प्रभावशाली रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र में भाजपा की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है।उन्होंने कहा कि यह तो केवल पहले चरण के परिणाम हैं, जबकि दूसरे चरण के चुनाव कल 28 मई होने वाले हैं और तीसरे चरण का मतदान 30 तारीख को निर्धारित है। विधायक ने विश्वास जताया कि आगामी चरणों में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवार इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करेंगे और अधिक से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त करेंगे।इसके अलावा उन्होंने बीडीसी (ब्लॉक विकास समिति) और जिला परिषद चुनावों को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए। उनका कहना है कि इन चुनावों में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। विधायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी अथक प्रयासों के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई है।अंत में उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि भाजपा भविष्य में भी विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के अपने संकल्प को पूरी निष्ठा से निभाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!