चंबा में पंचायत चुनाव 2026 का दूसरा चरण कल 28 मई को, कुल 116 पंचायतों में होगा मतदान

चंबा 27 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज सामान्य निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 28 मई को दूसरे चरण का मतदान जिला चंबा की 116 ग्राम पंचायतों में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।उपायुक्त के अनुसार दूसरे चरण में विकास खंड चंबा की 16, भरमौर की 15, तीसा की 18, मैहला की 18, पांगी की 9, सलूणी की 16 तथा भटियात की 24 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इस चरण के साथ ही जनजातीय उपमंडल भरमौर और पांगी में चुनाव प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी। वहीं शेष विकास खंडों चंबा, मैहला, तीसा, सलूणी और भटियात में तीसरे चरण के तहत 30 मई को मतदान करवाया जाएगा।विकास खंड चंबा के अंतर्गत प्रौथा, हरिपुर, द्रमण, झुलाड़ा, प्राहनवी, पल्यूर, घघरौता, बरौर, द्रड्डा, चीलबंगला, सरू, औड़ा, हमल, चंडी, भड़ोह और कियाणी पंचायतों में मतदान होगा। भरमौर में प्रंघाला, चोबिया, खणी, संचुई, भरमौर, चन्हौता, ग्रीमा, बजोल, दियोल, कुठेहड़, लामू, रूणुकोठी, औरा, सिंयूर और गरोला पंचायतें शामिल हैं।

तीसा विकास खंड में देहग्रां, तीसा-1, चरड़ा, भराड़ा, चरोड़ी, भलोड़ी, झज्जाकोठी, हरतवास, बोंदेड़ी, सत्यास, देवीकोठी, बैरागढ़, बिहाली, सन्तेवा चिल्ली, बघेईगढ़, भावला, कोहाल और थल्ली पंचायतों में वोट डाले जाएंगे। वहीं मैहला, पांगी, सलूणी और भटियात के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में भी मतदान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक मतदान से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होता है तथा विकास की दिशा को नई गति मिलती है। प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।