भड़िया-बघार सड़क को मिली वन स्वीकृति, क्षेत्र में खुशी की लहर

चम्बा 30 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भड़िया-बघार सड़क के निर्माण के लिए बहुप्रतीक्षित वन स्वीकृति प्राप्त होने से क्षेत्र के ग्रामवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिलने पर स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।ग्रामवासियों ने इस उपलब्धि के लिए क्षेत्र के विधायक नीरज नैयर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क उनकी वर्षों पुरानी मांग रही है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के दूरदराज के गांवों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लोगों को राहत मिलेगी।स्थानीय लोगों के अनुसार, विधायक नीरज नैयर ने इस परियोजना को लेकर निरंतर प्रयास किए और संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर वन स्वीकृति दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों और जनहित के प्रति समर्पण के कारण ही यह कार्य संभव हो सका है।इस अवसर पर ग्रामवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक से मिला और उनका धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) चरण-4 के तहत इस सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा, ताकि लोगों को इसका लाभ जल्द मिल सके।ग्रामवासियों ने विधायक के जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनके निरंतर प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।