बगढार स्कूल में दो दिवसीय विज्ञान कार्यशाला, छात्रों ने सीखे आधुनिक तकनीक के गुर

डलहौजी/ चम्बा 29 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी उपमंडल के राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगढार में समग्र शिक्षा अभियान एवं नीति आयोग के सहयोग से दो दिवसीय विज्ञान कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें आधुनिक तकनीक से परिचित कराना था।कार्यशाला में अटल टिंकरिंग लैब के इंस्ट्रक्टर दिनेश सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीक से जुड़ी नई और रोचक जानकारियां प्रदान कीं। इस दौरान बच्चों को विभिन्न प्रकार के सेंसर जैसे आईआर सेंसर, इंफ्रारेड सेंसर, अल्ट्रासोनिक सेंसर, एमक्यू सेंसर और मेटल ऑक्साइड सेमीकंडक्टर सेंसर के बारे में विस्तार से बताया गया।कार्यशाला की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने खेल-खेल में कई प्रयोग किए और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स की बारीकियों को समझा।

दिनेश सिंह ने बच्चों को मनोरंजक तरीके से समस्याओं का समाधान करना, तकनीकी नेतृत्व विकसित करना और टीमवर्क के महत्व को भी समझाया। इससे विद्यार्थियों में नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा मिला।इस अवसर पर विद्यालय के भौतिक शास्त्र प्रवक्ता एवं टिंकरिंग लैब प्रभारी सतीश कुमार भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही विज्ञान संकाय के अन्य अध्यापकों ने भी कार्यशाला में सक्रिय भागीदारी निभाई और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।विद्यालय की प्रिंसिपल अनुपमा आनंद ने कार्यशाला के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने दिनेश सिंह का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
