चौहड़ा डैम के पास संदिग्ध हादसा, युवक लापता , सर्च अभियान तेज, सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे कई सवाल

डलहौजी/ चम्बा 31 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा जिला के डलहौजी क्षेत्र में एक संदिग्ध सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जिसमें एक 21 वर्षीय युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय तौफिक मुहम्मद , पुत्र याकूब, निवासी गांव अंकुजा, 29 मई को अपने घर से महिंद्रा पिकअप गाड़ी नंबर HP81-4261 में मुर्गों की सप्लाई लेने के लिए धार-पठानकोट (पंजाब) के लिए निकला था। लेकिन अगले दिन सुबह तक उसका मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।

तलाश के दौरान जब परिजन और स्थानीय लोग चौहड़ा डैम के पास पहुंचे तो उन्हें सड़क पर गाडी का टायर और चालक की एक चप्पल पडी मिली, जो उक्त वाहन व वाहन सवार .चालक का प्रतीत हुआ। वहीं, डैम की ओर ढलान वाली मिट्टी पर वाहन के पीछे की ओर फिसलने (स्किड) के निशान भी देखे गए, जिससे दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मामले में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम नूरपुर को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बावजूद अब तक युवक या वाहन का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

आज खोज अभियान को और तेज करते हुए गोताखोरों की मदद ली जा रही है, ताकि डैम में किसी भी संभावित सुराग की तलाश की जा सके।
इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां विभाग द्वारा कोई सुरक्षा बैरिकेड या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे, जो भविष्य में बड़े हादसों का कारण बन सकते हैं। प्रशासन से इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की मांग की जा रही है।
