भटियात में पंचायती राज चुनाव 2026, प्रधान पदों पर कांग्रेस का दबदबा, उपप्रधान पदों पर भाजपा ने बनाई बढ़त

भटीयात/ चम्बा 31 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विकासखंड भटियात में पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत कुल 71 पंचायतों में चुनाव संपन्न हुए, जहां भाजपा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। चुनाव परिणामों ने क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति को संतुलित लेकिन प्रतिस्पर्धात्मक रूप में प्रस्तुत किया है।सूत्रों के हवाले से प्राप्त जानकारी के अनुसार बता दें की प्रधान पद के परिणामों पर न कांग्रेस ने बढ़त बनाते हुए कुल 34 पंचायतों में जीत दर्ज की। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 33 पंचायतों में प्रधान पद हासिल किया। इसके अलावा कुछ पंचायतों में आजाद उम्मीदवारों ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि स्थानीय स्तर पर स्वतंत्र उम्मीदवारों का प्रभाव भी कम नहीं है।वहीं उपप्रधान पदों के परिणाम अपेक्षाकृत संतुलित रहे। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने 32-32 सीटों पर जीत हासिल कर बराबरी का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त 7 सीटों पर आजाद उम्मीदवार विजयी रहे, जिन्होंने चुनावी समीकरणों को रोचक बना दिया।चुनावों के दौरान मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और अधिकांश पंचायतों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ।

प्रशासन ने भी चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।इसी क्रम में आज बीडीसी (ब्लॉक विकास समिति) और जिला परिषद सदस्यों के चुनावों की मतगणना भटियात के उपमंडल मुख्यालय चुवाड़ी में जारी है। सुबह 9 बजे से ही मतगणना प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और विभिन्न प्रत्याशियों तथा उनके समर्थकों की निगाहें परिणामों पर टिकी हुई हैं।सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस प्रशासन ने चुवाड़ी में पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतगणना केंद्र के आसपास कड़ी सुरक्षा तैनात की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।कुल मिलाकर, भटियात में हुए पंचायत चुनावों ने क्षेत्र की राजनीति में संतुलन और प्रतिस्पर्धा दोनों को दर्शाया है, जहां राष्ट्रीय दलों के साथ-साथ आजाद उम्मीदवारों ने भी अपनी प्रभावशाली भूमिका निभाई है।