भटीयात के रोहित कुमार बने एसीएफ, क्षेत्र का नाम किया रोशन

भटीयात/ चम्बा 03 मुकेश कुमार (गोल्डी)
भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जन्द्रोग के गांव कुट निवासी रोहित कुमार ने हिमाचल प्रदेश वन विभाग में सहायक वन संरक्षक (Assistant Conservator of Forests – ACF) के पद पर नियुक्त होकर अपने माता-पिता और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।रोहित कुमार, नेक राज के सुपुत्र हैं, जिन्होंने अपने कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे भटियात क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रोहित कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रोहित की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आगे कहा कि रोहित ने अपनी मेहनत और समर्पण से यह साबित कर दिया है कि लक्ष्य के प्रति सच्ची लगन और निरंतर प्रयास से हर सफलता प्राप्त की जा सकती है।पठानिया ने उम्मीद जताई कि रोहित कुमार अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे तथा वन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करेंगे। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि रोहित अपने उज्ज्वल भविष्य में निरंतर सफलता के नए आयाम स्थापित करें और क्षेत्र का नाम इसी प्रकार रोशन करते रहें।रोहित की इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।