जिला परिषद गठन को लेकर कांग्रेस ने बनाई समितियां, कई वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी

शिमला, 03 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला परिषदों के गठन की प्रक्रिया को तेज करते हुए राज्य के विभिन्न जिलों के लिए पर्यवेक्षक और सदस्यों की नियुक्ति करते हुए समितियों का गठन कर दिया है। यह निर्णय संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और स्थानीय निकायों में बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से लिया गया है।जारी आदेश के अनुसार चंबा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और शिमला जिलों में समितियां गठित की गई हैं। चंबा जिले में मुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया को पर्यवेक्षक और नीरज नय्यर को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है, जबकि अन्य नेताओं जिलाध्यक्ष चंबा सुरजीत सिंह भरमौरी,दिलदार भट्ट एवं विजय कंवर को सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांगड़ा में मंत्री राजेश धर्माणी को पर्यवेक्षक और सांसद अनुराग शर्मा को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।लाहौल-स्पीति में विधायक अनुराधा राणा को पर्यवेक्षक और दोरजे अंगरूप को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। वहीं शिमला जिले में मंत्री रोहित ठाकुर को पर्यवेक्षक और विधायक मोहन लाल ब्राक्टा को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, साथ ही कई ब्लॉक स्तर के नेताओं को समिति में शामिल किया गया है।कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित जिलों के सभी ब्लॉक अध्यक्ष भी इन समितियों के सदस्य होंगे, जिससे संगठनात्मक समन्वय को और मजबूती मिलेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।