केवीके चंबा ने ‘खेत बचाओ अभियान’ का किया शुभारंभ, किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान

केवीके चंबा ने ‘खेत बचाओ अभियान’ का किया शुभारंभ, किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान

चंबा, 04 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), चंबा द्वारा 1 से 30 जून, 2026 तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में कृषि भूमि और मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण करते हुए किसानों को वैज्ञानिक एवं टिकाऊ खेती की ओर प्रेरित करना है।इस अभियान में कृषि विभाग, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), बागवानी विभाग, पशुपालन विभाग तथा नाबार्ड की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। पूरे माह के दौरान विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें जिले के सभी सात विकास खंडों का दौरा करेंगी और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों तथा मृदा संरक्षण उपायों की जानकारी देंगी।केवीके चंबा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. धर्मिंदर कुमार ने बताया कि अभियान के तहत किसानों को मृदा उर्वरता बनाए रखने, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने और रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक उत्पादकता बनाए रखने के लिए टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाना समय की आवश्यकता है।अभियान के दौरान किसानों को मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण तकनीकों तथा जलवायु-अनुकूल कृषि पद्धतियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही नकली उर्वरकों, बीजों और कीटनाशकों की पहचान के बारे में भी जागरूक किया जाएगा, ताकि किसान ठगी से बच सकें।इसके अतिरिक्त किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड तथा कृषि यंत्रीकरण योजनाओं का लाभ उठाने के लिए मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। यह अभियान किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ उनकी आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!