ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज में डूबे युवक ने रची खुद की गुमशुदगी की साजिश

ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज में डूबे युवक ने रची खुद की गुमशुदगी की साजिश

डलहोजी/चम्बा 04 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले की डांड पंचायत से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज में डूबे 22 वर्षीय युवक ने अपनी ही गुमशुदगी की साजिश रच डाली। इस घटनाक्रम ने न केवल परिवार बल्कि पुलिस को भी गुमराह कर दिया और मामला गुमशुदगी से बढ़कर हत्या की आशंका तक पहुंच गया।जानकारी के अनुसार युवक तौफीक पर लाखों रुपये का कर्ज था, जिससे बचने के लिए उसने यह नाटकीय योजना बनाई। इस साजिश में उसके बड़े भाई शहजाद ने भी उसका साथ दिया। बताया जा रहा है कि शहजाद ने ही तौफीक को जिले से बाहर जाने वाली बस में बैठाया था। बुधवार को परिजन युवक को लेकर पुलिस चौकी बनीखेत पहुंचे, जहां पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।इससे पहले परिजनों ने तौफीक के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शहजाद ने पुलिस को बताया था कि तौफीक शनिवार शाम करीब पांच बजे किहार से पठानकोट मुर्गे खरीदने गया था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा।

शुक्रवार रात से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। मोबाइल लोकेशन चौहड़ा जलाशय के पास मिलने और सड़क किनारे उसकी चप्पल व वाहन का टायर बरामद होने से हत्या की आशंका गहरा गई थी।परिजनों ने दावा किया था कि तौफीक के पास करीब दस लाख रुपये थे और उसकी हत्या कर शव को जलाशय में फेंक दिया गया है। लेकिन सीसीटीवी फुटेज में तौफीक को बस में जाते हुए देखे जाने के बाद पूरा मामला खुल गया।पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक से पूछताछ जारी है और पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह मामला अब एक सुनियोजित साजिश के रूप में सामने आ रहा है, जिसने सभी को चौंका दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!