कीड़ी में ढांक से गिरकर महिला की दुखद मौ#त, पुलिस ने शुरू की जांच

चम्बा 06 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के ग्राम पंचायत कीड़ी में एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान निम्मो पत्नी मचलू, निवासी वीपीओ कीड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज चंबा में करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही घटना की रिपोर्ट रोजनामचे में दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार निम्मो शुक्रवार सुबह अपने घर के पास ढांक पर घास काटने गई हुई थी। इसी दौरान अचानक उसका पांव फिसल गया, जिससे वह संतुलन खो बैठी और ढांक से लुढ़कते हुए नीचे खेतों में जा गिरी। घटना को देखते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल निम्मो को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया।मेडिकल कॉलेज में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद निम्मो को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना सदर पुलिस थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयान दर्ज किए और सभी औपचारिकताएं पूरी कीं।प्रारंभिक जांच में परिजनों द्वारा किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। इस आधार पर पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।