सलूणी में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने ली शपथ, विकास कार्यों को गति देने का संकल्प

सलूणी में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने ली शपथ, विकास कार्यों को गति देने का संकल्प

सलूणी/ चम्बा 06 जून मुकेश कुमार (गोल्डी) 

उपमण्डल सलूणी के अंतर्गत आज पंचायत समिति (BDC) के नवनिर्वाचित सदस्यों की शपथ ग्रहण बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) चंद्रवीर सिंह ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें नवचयनित प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।शपथ ग्रहण समारोह में ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) कंवर सिंह, नायब तहसीलदार डी.सी. राणा, पंचायत निरीक्षक दर्शन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इसके अलावा पंचायत समिति के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं पर चर्चा की।एसडीएम चंद्रवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत समिति ग्रामीण विकास की रीढ़ होती है और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने सदस्यों से अपेक्षा जताई कि वे सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशासन का पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!