समाधान समारोह 2026: आपसी सहमति से निपटेंगे अदालती मामले, अगस्त में लगेगी विशेष लोक अदालत

समाधान समारोह 2026: आपसी सहमति से निपटेंगे अदालती मामले, अगस्त में लगेगी विशेष लोक अदालत

चम्बा, 08 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

आम जनता को सुलभ और त्वरित न्याय प्रदान करने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय द्वारा शुरू किए गए “समाधान समारोह 2026” के तहत विशेष पहल की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निपटारा आपसी सहमति, संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से किया जा रहा है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा के सचिव एकांश कपिल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान का शुभारंभ 21 अप्रैल 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया गया था। इसके तहत देशभर में राज्य, जिला, तालुका तथा उच्च न्यायालय स्तर पर स्थापित मध्यस्थता केंद्रों में सुलह एवं मध्यस्थता बैठकों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थों एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा पक्षकारों के बीच संवाद स्थापित कर विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान करवाने का प्रयास किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के साथ-साथ वर्चुअल माध्यम से भी भाग ले सकते हैं।एकांश कपिल ने बताया कि इस अभियान का समापन 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालतों के साथ किया जाएगा, जहां अधिक से अधिक मामलों का निपटारा किया जाएगा।उन्होंने अधिवक्ताओं और संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे इस पहल में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और अपने लंबित मामलों के समाधान के लिए आगे आएं। इसके लिए सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर एक सरल गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से इच्छुक पक्षकार 31 जुलाई 2026 तक अपने मामलों को विशेष लोक अदालत में शामिल कर सकते हैं।अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए वन स्टॉप सेंटर और संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!