विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने 59 लाख की उप मंडी तीसा का किया वर्चुअल उद्घाटन

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने 59 लाख की उप मंडी तीसा का किया वर्चुअल उद्घाटन

तीसा 11 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के तीसा उपमंडल में किसानों और बागवानों के लिए एक बड़ी सौगात देते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने 59 लाख रुपए की लागत से निर्मित उप मंडी तीसा का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस उप मंडी में 6 दुकानों के साथ एक आधुनिक कोल्ड स्टोर की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है, जिससे स्थानीय उत्पादों के भंडारण और विपणन को बढ़ावा मिलेगा।इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से जनसमूह को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने क्षेत्र के किसानों और बागवानों को बधाई देते हुए कहा कि तीसा क्षेत्र फूलों, फलों और गैर-मौसमी सब्जियों के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस उप मंडी के शुरू होने से किसानों को अपने उत्पाद बेचने के लिए दूर-दराज के बाजारों में नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन की बचत होगी तथा उन्हें अपनी उपज के बेहतर दाम मिल सकेंगे।कार्यक्रम में एपीएमसी के अध्यक्ष ललित ठाकुर और हिमाचल प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट ने भी अपने विचार व्यक्त किए। ललित ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों और बागवानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक मक्की, गेहूं, जौं और हल्दी के लिए समर्थन मूल्य देने वाला देश का पहला राज्य बना है।

इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें यशवंत खन्ना, निर्मला भूटानी, भूपेंद्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे। बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान और बागवान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और इस पहल का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!