पथ परिवहन पेंशनर्स ने सरकार व प्रबंधन के खिलाफ जताया रोष, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

चम्बा 11 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन, चंबा इकाई की मासिक बैठक आज अध्यक्ष श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार और प्रबंधन के प्रति गहरा रोष प्रकट किया।बैठक के दौरान पेंशनरों ने आरोप लगाया कि सरकार और प्रबंधन उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि पेंशन का भुगतान प्रत्येक माह की पहली तारीख को सुनिश्चित किया जाए, लेकिन बार-बार मांग उठाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

वर्तमान में पेंशन का भुगतान महीने के अंतिम दिनों में किया जा रहा है, जिससे पेंशनरों को अपने परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।मुख्य सलाहकार श्री उत्तम सिंह ने कहा कि मेडिकल बिलों की अदायगी समय पर न होने के कारण पेंशनरों को इलाज करवाने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि कई पेंशनर आर्थिक तंगी के कारण उचित उपचार से वंचित हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।अध्यक्ष मनोहर लाल ने कहा कि एक जनवरी 2016 से लंबित संशोधित वेतनमान का लाभ अब तक पेंशनरों को नहीं मिला है, जबकि अन्य विभागों को एरियर दिया जा चुका है।

महासचिव ओमप्रकाश ने बताया कि नियमित कर्मचारियों को 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता पहले ही दिया जा चुका है, लेकिन पेंशनरों को इससे वंचित रखा गया है।उपाध्यक्ष शाहनवाज खान ने निगम की खराब होती बस सेवाओं पर चिंता जताई और कहा कि तकनीकी कर्मचारियों, चालकों व कल-पुर्जों की कमी को जल्द पूरा किया जाना चाहिए। बैठक में 11 जून 2026 को मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक का भी उल्लेख किया गया, जिसमें पेंशनरों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन मिला।बैठक में संगठन के कई सदस्यों ने भाग लेकर एकजुटता दिखाई और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
