नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई, CIA नूरपुर टीम ने सप्लायर को किया गिरफ्तार

कांगड़ा/ नूरपुर 15 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को सख्ती से लागू करते हुए CIA नूरपुर की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुप्त एवं विश्वसनीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कंडवाल क्षेत्र के पास एक शातिर नशा सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती मिली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 48 वर्षीय अनिल शर्मा , पुत्र रमेश शर्मा, निवासी मकान नंबर 23, काली घनूपुर शिहर्ता, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था और क्षेत्र में सप्लाई नेटवर्क को सक्रिय रूप से चला रहा था।
CIA टीम ने योजनाबद्ध तरीके से नागनी माता मंदिर सर्विस रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। कानूनी प्रक्रिया और पूरी पारदर्शिता का पालन करते हुए जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से कुल 15.18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।

इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में गहन पूछताछ जारी है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सप्लायरों का भी पर्दाफाश किया जा सके। इस सारे मामले की पुष्टि अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नशे के खिलाफ छेड़ा गया अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा और नशे से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा ।