कल्हेल हत्याकांड, युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज खुलासा

कल्हेल हत्याकांड, युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज खुलासा

तीसा/ चम्बा 16 जून दिलीप सिंह ठाकुर

चंबा जिला के चुराह क्षेत्र के कल्हेल में युवक की निर्मम हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस की गहन जांच में इस हत्याकांड की जो परतें खुलकर सामने आई हैं, वे बेहद खौफनाक और हैरान करने वाली हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह वारदात कोई अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश का परिणाम थी।जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने पहले युवक को उसके क्वार्टर से जबरन अगवा किया। उसे एक गाड़ी में डालकर सुनसान स्थान की ओर ले जाया गया। रास्ते में युवक के साथ बर्बरता की गई और उसे बेरहमी से पीटा गया। जब आरोपी कल्हेल पुल के पास पहुंचे, तो उन्होंने गाड़ी रोककर युवक को बाहर निकाला और वहां भी उसकी जमकर पिटाई की। आरोपियों की हैवानियत यहीं नहीं रुकी, बल्कि अधमरी हालत में युवक को नाले में फेंककर मौके से फरार हो गए।रविवार को पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। युवक के क्वार्टर से मिले अहम सुरागों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से एक संदिग्ध गाड़ी की पहचान की गई। इसी कड़ी ने पुलिस को सीधे आरोपियों तक पहुंचा दिया। सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।पुलिस ने आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार उर्फ राजू निवासी राह गुरकेर (कल्हेल), मुकेश कुमार निवासी बाग (डियूर) और याकेश कुमार निवासी हडला (सईंकोटी), जिला चंबा के रूप में की है।

बीते कल सोमवार को तीनों को तीसा अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।इस दौरान पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल, आरोपियों के ठिकानों और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज चंबा में किया गया है, जिसकी रिपोर्ट से हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की उम्मीद है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस हत्याकांड के सभी पहलुओं से पर्दा उठा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!