आयुर्वेदिक अस्पताल चंबा में शुरू होगा एक वर्षीय पंचकर्म तकनीशियन प्रशिक्षण, 20 युवाओं को मिलेगा अवसर

चंबा, 17 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने तथा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला आयुर्वेदिक अस्पताल चंबा में शीघ्र ही एक वर्षीय पंचकर्म तकनीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ किया जाएगा। तकनीकी शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 20 युवाओं का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पंचकर्म चिकित्सा की सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्हें आयुर्वेद की प्रमुख पंचकर्म प्रक्रियाओं—वमन, विरेचन, नस्य एवं बस्ति—के साथ-साथ रोग निवारण, शरीर शोधन एवं स्वास्थ्य संवर्धन से संबंधित आयुर्वेदिक सिद्धांतों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।इसके अतिरिक्त प्रशिक्षणार्थियों को रक्तमोक्षण, अग्निकर्म, जलौकावचरण (लीच थेरेपी), क्षारकर्म तथा अन्य परासर्जिकल आयुर्वेदिक प्रक्रियाओं का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सकों के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक कार्य-अनुभव प्राप्त हो सके।

पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले अभ्यर्थी निजी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में, जहाँ पंचकर्म सेवाएँ उपलब्ध हैं, पंचकर्म तकनीशियन के रूप में कार्य करने के लिए पात्र होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तकनीकी एवं सहायक स्वास्थ्य कार्यबल तैयार करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को तकनीकी शिक्षा वोर्ड, धर्मशाला हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। यह प्रमाण-पत्र उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने में सहायक होगा।डॉ. कुलविंदर संधू, एएमओ एवं नोडल अधिकारी, पंचकर्म तकनीशियन कोर्स, जिला आयुर्वेदिक अस्पताल चंबा ने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।वहीं डॉ. अनीता शर्मा, जिला आयुष अधिकारी, चंबा ने कहा कि आयुष विभाग प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक आयुर्वेदिक सेवाओं की पहुँच को और मजबूत करेगा।