19 जून को बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में रोजगार मेले का आयोजन, युवाओं को मिलेगा सुनहरा अवसर

19 जून को बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में रोजगार मेले का आयोजन, युवाओं को मिलेगा सुनहरा अवसर

डलहौजी/ चम्बा 17 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के बोंखरी मोड़ स्थित बट्ट आईटीआई परिसर में 19 जून को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले का आयोजन एलायंस जॉब्स द्वारा बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट्स के सहयोग से किया जा रहा है। संस्थान के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है।उन्होंने बताया कि एलायंस जॉब्स पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और हरियाणा की प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं विनिर्माण कंपनियों के साथ मिलकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का कार्य कर रही है। इस रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को न केवल नौकरी के अवसर मिलेंगे, बल्कि उन्हें कौशल विकास, औद्योगिक अनुभव और बेहतर करियर विकल्पों की दिशा में मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।मेले में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, इलेक्ट्रिकल तकनीशियन, फिटर, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, मोटर मैकेनिक व्हीकल (एमएमवी), डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, वायरमैन, स्टिचिंग ऑपरेटर, पीसीबी ऑपरेटर, एसएमटी ऑपरेटर, प्रोडक्शन एसोसिएट, सीएनसी ऑपरेटर, हेल्पर और क्वालिटी इंस्पेक्टर जैसे विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता आठवीं, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा तथा बीटेक पास निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति मोहाली, बद्दी, परवाणू और फगवाड़ा स्थित औद्योगिक इकाइयों में की जा सकती है।कंपनी के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को 15,500 रुपये से 25,500 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ ओवरटाइम, उपस्थिति बोनस, ईपीएफ और ईएसआई जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। बट्ट ने सभी पात्र और इच्छुक युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!