डलहौजी में विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक, सड़क संपर्क विस्तार पर विशेष जोर

डलहौजी/ चम्बा 25 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी के परिधि गृह में आज विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग द्वारा जिला चंबा में संचालित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग के मुख्य अभियंता उत्तरी क्षेत्र, अधीक्षण अभियंता डलहौजी वृत्त सहित विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर 250 से अधिक आबादी वाले उन सभी गांवों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-4 में शामिल करने के निर्देश दिए, जो अभी तक सड़क सुविधा से वंचित हैं।

उन्होंने इन गांवों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने पर बल दिया, ताकि उन्हें सड़क संपर्क से जोड़ा जा सके।उन्होंने चंबा-चुवाड़ी प्रस्तावित टनल परियोजना पर भी चर्चा करते हुए बताया कि यह महत्वाकांक्षी योजना पीपीपी मॉडल के तहत क्रियान्वित की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने जानकारी दी कि पीएमजीएसवाई के चौथे चरण के अंतर्गत लगभग 551 करोड़ रुपये की लागत वाली 65 सड़क परियोजनाओं में से 61 के लिए लेटर ऑफ इंटरेस्ट जारी किए जा चुके हैं। शेष चार परियोजनाओं को शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।विधानसभा अध्यक्ष ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ लंबित वन स्वीकृति मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम, डीएफओ और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में विभिन्न सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कार्यों की वर्तमान स्थिति और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।बैठक में एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, मुख्य अभियंता विकास सूद, अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।