भरमौर में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरने से दंपति की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

भरमौर में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरने से दंपति की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

भरमौर/ चम्बा 25 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

चम्बा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर से एक अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां गहरी खाई में गिरने से एक दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दाड़वीं के गांव उहां निवासी गौरख कुमार (33) वीरवार को अपनी पत्नी सुषमा (26) के साथ उसके मायके लिल्ह जा रहा था। लिल्ह गांव सड़क सुविधा से दूर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए पहाड़ियों के बीच बनी संकरी और जोखिम भरी पगडंडियों से होकर गुजरना पड़ता है। दंपति इस रास्ते से पहले भी कई बार आ-जा चुका था।बताया जा रहा है कि जब दोनों लिल्ह के पास एक गहरी ढांक से गुजर रहे थे, तभी अचानक गौरख कुमार का पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरी खाई की ओर गिरने लगा। पति को गिरते देख सुषमा ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह स्वयं भी संतुलन खो बैठी और दोनों एक साथ खाई में जा गिरे।घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन जब तक वे खाई तक पहुंचे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। इस घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और चश्मदीदों सहित परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!