सेब सीजन-2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, परिवहन व विपणन व्यवस्था पर विशेष जोर

सेब सीजन-2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, परिवहन व विपणन व्यवस्था पर विशेष जोर

शिमला 25 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आज वीरवार को सेब सीजन-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेब परिवहन, यातायात प्रबंधन, मालभाड़ा निर्धारण, नियंत्रण कक्षों की स्थापना, श्रमिकों की उपलब्धता तथा पैकेजिंग सामग्री सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेब सीजन के दौरान बागवानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा परिवहन एवं विपणन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।परिवहन व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए गए कि सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों में ट्रक ऑपरेटरों, पिकअप यूनियनों और बागवानों के साथ बैठक कर वाहनों की आवश्यकता का आकलन करें।

आवश्यकता पड़ने पर बाहरी जिलों एवं राज्यों से भी वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही सेब तुड़ाई एवं ढुलाई के लिए पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध कराए जाएंगे।मालभाड़ा निर्धारण के लिए एसडीएम, डीएसपी, लोक निर्माण विभाग और एचआरटीसी के प्रतिनिधियों की संयुक्त समिति गठित की जाएगी, जो सड़क की स्थिति, डीजल कीमत और भार के आधार पर दरें तय करेगी। यह दरें प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की जाएंगी।फागू में 15 जुलाई तक मुख्य नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा, जहां से समस्त गतिविधियों की निगरानी होगी। यातायात प्रबंधन के तहत शिमला शहर में ट्रकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा विशेष रूट प्लान लागू किया जाएगा।बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026-27 में जिला शिमला में लगभग 2.30 लाख मीट्रिक टन सेब उत्पादन का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!