चुराह में नाबालिग से दुष्कर्म मामले का आरोपी गिरफ्तार, जंगलों में छिपकर बच रहा था पुलिस से

चुराह में नाबालिग से दुष्कर्म मामले का आरोपी गिरफ्तार, जंगलों में छिपकर बच रहा था पुलिस से

तीसा 25 जून दिलीप सिंह ठाकुर


चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के बाद से फरार चल रहा शातिर आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और दुर्गम इलाकों में छिपकर रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चांजू और सपाहण के घने जंगलों में शरण लिए हुए था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना हुलिया भी बदल लिया था। पहचान छिपाने के मकसद से उसने दाढ़ी कटवाकर क्लीन शेव लुक अपना लिया, ताकि कोई उसे आसानी से पहचान न सके।
वीरवार को पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि आरोपी इलाके से फरार होने की फिराक में है। सूचना मिलते ही नकरोड़ पुलिस चौकी और थाना तीसा की संयुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डोडणी क्षेत्र में घेराबंदी की।

कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और जंगलों के बीच छिपे आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम ने सूझबूझ और सतर्कता के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि मामला दर्ज होने के तुरंत बाद ही पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया था और मेडिकल जांच के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया था। हालांकि, उस समय आरोपी मौके से फरार हो गया था। बाद में आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान एक जंग लगी बंदूक भी बरामद हुई थी, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई थी।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!