चंबा की ‘उड़नपरी’ सीमा ने रचा इतिहास, 5000 मीटर में स्वर्ण जीत एशियन गेम्स के लिए किया क्वालिफाई

शिमला 26 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चंबा जिला से संबंध रखने वाली अंतरराष्ट्रीय धाविका ‘उड़नपरी’ सीमा ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से देशभर में हिमाचल और चंबा का नाम गर्व से ऊंचा किया है। भुवनेश्वर (उड़ीसा) के कलिंगा स्टेडियम में 24 जून से 28 जून तक आयोजित 65वीं राष्ट्रीय इंटरस्टेट सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सीमा ने 5000 मीटर दौड़ को 16:11.04 मिनट में पूरा करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।यह प्रतियोगिता भारत की सबसे प्रतिष्ठित ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में से एक मानी जाती है, जहां से एशियन गेम्स के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। सीमा पहले ही विदेश में आयोजित एक प्रतियोगिता में 5000 मीटर की क्वालिफाइंग टाइमिंग हासिल कर चुकी थीं, लेकिन अंतिम चयन के लिए इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त करना अनिवार्य था। स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही अब उनका एशियन गेम्स के लिए चयन पक्का हो गया है।

अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए सीमा ने बताया कि उन्होंने एशियन गेम्स में जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। वह अपने विदेशी कोच स्कॉट सिमंस (यूएसए) और भारतीय कोच अजीत मार्कोस (रिलायंस यूथ स्पोर्ट्स) के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं। उनके स्पॉन्सर रिलायंस यूथ स्पोर्ट्स ने भी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।सीमा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच, स्पॉन्सर और समर्थकों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि सीमा 28 जून को इसी प्रतियोगिता में 10,000 मीटर दौड़ में भी हिस्सा लेंगी।अब उनका अगला लक्ष्य सितंबर में जापान के नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।
