लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित

चंबा, 27 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में आज बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं और परियोजनाओं के कार्यान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में विधायक डीएस ठाकुर और डॉ. जनक राज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। डॉ. राजीव भारद्वाज ने जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें मिशन मोड में कार्य करते हुए सभी विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग की प्रगति की समीक्षा करते हुए सांसद ने 56 सड़क परियोजनाओं की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी बल दिया। वहीं, जिले में विद्युत आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाई जा रही आरडीएसएस योजना की प्रगति पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 90 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है और कार्य निष्पादन एजेंसी रेल विकास निगम (आरवीएनएल) को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।डॉ. भारद्वाज ने चक्की-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति में सुधार लाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को जागरूक करने और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, टीबी मुक्त भारत अभियान, सांसद निधि, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।इससे पूर्व उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सांसद का स्वागत किया। बैठक के अंत में उन्होंने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सभी निर्देशों के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन का आश्वासन दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।