पांच दिवसीय नशा विरोधी विशेष अभियान सफल आयोजन संपन्न, युवाओं में जागरूकता पर जोर

चम्बा, 27 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में तथा मादक द्रव्य दुरुपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा द्वारा 22 जून से 26 जून, 2026 तक जिले भर में “मादक द्रव्य दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता एवं संवेदनशीलता विशेष अभियान” का सफल आयोजन किया गया।इस पांच दिवसीय अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, गांवों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, विधिक साक्षरता शिविर, समूह चर्चाएं और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को नारकोटिक ड्रग्स एवं साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के प्रावधानों, नशे की रोकथाम और नियंत्रण से जुड़ी सरकारी नीतियों एवं योजनाओं के बारे में जागरूक करना था।पैनल अधिवक्ताओं और पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) ने विशेष रूप से छात्रों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है, बल्कि शिक्षा, पारिवारिक जीवन और सामाजिक व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। इसके साथ ही असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, परिवहन कर्मियों, केमिस्टों, बंदियों और वाहन चालकों जैसे संवेदनशील वर्गों तक भी अभियान के माध्यम से पहुंच बनाई गई।अभियान के दौरान अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा युवाओं में नशे की प्रवृत्ति की पहचान और रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों की भूमिका को भी रेखांकित करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी पर बल दिया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नशे के शिकार व्यक्तियों की पहचान, उपचार, नशामुक्ति, उपचारोपरांत देखभाल और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी भी साझा की। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता और परामर्श सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री एकांश कपिल ने कहा कि मादक द्रव्य दुरुपयोग समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इससे निपटने के लिए सभी वर्गों के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।
