15 साल बाद मैहला पंचायत समिति पर कांग्रेस का कब्जा, रणनीति और एकजुटता ने भाजपा का गणित बिगाड़ा

15 साल बाद मैहला पंचायत समिति पर कांग्रेस का कब्जा, रणनीति और एकजुटता ने भाजपा का गणित बिगाड़ा

चम्बा, 27 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

लगभग 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद विकासखंड मैहला की पंचायत समिति पर कांग्रेस ने अपना परचम लहराते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। इस जीत को जिला कांग्रेस की सुनियोजित रणनीति, संगठन की एकजुटता और वरिष्ठ नेताओं के बेहतर राजनीतिक प्रबंधन का परिणाम माना जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार इस जीत के पीछे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, चम्बा के विधायक नीरज नैयर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत शर्मा भरमौरी तथा एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर की रणनीतिक भूमिका अहम रही। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव से पहले संगठन को एकजुट रखने और समर्थित सदस्यों के बीच बेहतर तालमेल बनाने में सफलता हासिल की।दिलचस्प बात यह रही कि कांग्रेस के पास पंचायत समिति में 11 समर्थित सदस्य होने के बावजूद अध्यक्ष पद के लिए 13 और उपाध्यक्ष पद के लिए 12 मत मिले।

इससे राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि भाजपा समर्थित कुछ पंचायत समिति सदस्यों ने भी क्रॉस वोटिंग करते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया।उधर, गैर-जनजातीय क्षेत्र से एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर के समर्थक का उपाध्यक्ष चुना जाना भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे क्षेत्रीय राजनीति में ललित ठाकुर की संगठनात्मक पकड़ और प्रभाव को मजबूती मिलने के संकेत माने जा रहे हैं। कांग्रेस खेमे ने इस जीत को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिए भी शुभ संकेत बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!