सीआईए टीम नूरपुर में बड़ी कार्रवाई, बस में सफर कर रही युवती से 1 किलो 6 ग्राम चरस बरामद

कागडा/ नूरपुर 28 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत सीआईए-I टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जसूर के बौड चौक के पास एक एचआरटीसी बस में सवार युवती से भारी मात्रा में चरस बरामद की है। इस कार्रवाई को गुप्त सूचना के आधार पर अंजाम दिया गया।जानकारी के अनुसार, 28 जून 2026 को सीआईए नूरपुर की टीम गनोह, जसूर और नूरपुर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, गश्त और मादक पदार्थों की जांच के लिए तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि पालमपुर की रहने वाली एक युवती एचआरटीसी बस नंबर HP 38 C 9974 में चरस की खेप लेकर आ रही है।सूचना के आधार पर पुलिस ने बौड चौक के पास नाका लगाया और संदिग्ध बस को रोका।

तलाशी के दौरान बस में सवार 19 वर्षीय युवती, कुमारी गुनगुन, निवासी गांव खिल्डू, डाकघर बिंद्राबन, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के बैग की जांच की गई। जांच में उसके बैग से 1 किलोग्राम 6 ग्राम चरस बरामद हुई।पुलिस ने मौके पर ही आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए चरस को जब्त कर लिया और सैंपल सील किए। आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस ड्रग नेटवर्क के पीछे और आगे के लिंक खंगालने में जुटी हुई है।