34वीं राज्य स्तरीय आईटीआई महिला खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन, सोलन ओवरऑल स्पोर्ट्स व शिमला कल्चरल चैंपियन

शिमला, 29 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
34वीं राज्य स्तरीय राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खेलकूद प्रतियोगिता (महिला वर्ग) का भव्य समापन रविवार को आईटीआई चौड़ा मैदान में हुआ। समापन समारोह में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार व ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों, छात्राओं, प्रशिक्षकों एवं स्टाफ को चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध शपथ दिलाई और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं, जो अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं।

उन्होंने बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं खेल, शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।उपायुक्त ने युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि चिट्टा और अन्य मादक पदार्थ समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने बताया कि नशा तस्करी की सूचना देने वालों के लिए सरकार द्वारा ₹10 हजार से ₹10 लाख तक के इनाम की व्यवस्था की गई है और उनकी पहचान गोपनीय रखी जाती है।चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जिलों से 408 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खेल प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल व कबड्डी में सोलन विजेता रहा, जबकि खो-खो में शिमला और बैडमिंटन में कांगड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में शिमला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई खिताब अपने नाम किए, जबकि लोक नृत्य में चंबा विजेता रहा।ओवरऑल स्पोर्ट्स ट्रॉफी सोलन और ओवरऑल कल्चरल ट्रॉफी शिमला के नाम रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विवेक मेहता, कार्तिक ठाकुर सहित विभिन्न जिलों के खिलाड़ी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।