नूरपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16.41 ग्राम चिट्टा के साथ अमृतसर का युवक गिरफ्तार

नूरपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16.41 ग्राम चिट्टा के साथ अमृतसर का युवक गिरफ्तार

कांगड़ा/नूरपुर, 28 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

नूरपुर पुलिस जिला के अंतर्गत अपराध जांच शाखा (CIA) की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मठोली (जसूर) के पास नाकाबंदी के दौरान पंजाब के अमृतसर से आए एक युवक को 16.41 ग्राम चिट्टा/हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस को इस कार्रवाई से पहले एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर CIA नूरपुर की टीम ने मठोली क्षेत्र में सुनियोजित ढंग से नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान संदेह के आधार पर एक युवक को रोका गया और विधि अनुसार उसकी तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 16.41 ग्राम चिट्टा/हैरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान करण कुमार (24 वर्ष), पुत्र राकेश कुमार, निवासी गली नंबर-2, मकबूलपुरा, तहसील एवं जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक, मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जाएगी। इससे जुड़े अन्य तस्करों और सहयोगियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!