जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर एसटीएफ नूरपुर (नॉर्थ) की बड़ी कार्रवाई, 223 ग्राम चिट्टा सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा/नूरपुर, 28 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नूरपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने जसूर-तलवाड़ा रोड पर शास्त्री आईटीआई जसूर के समीप गश्त के दौरान तीन आरोपियों को 223 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम 28 जून 2026 को दोपहर करीब 1:40 बजे नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान शास्त्री आईटीआई जसूर के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन युवकों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 223 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय शुभम , पुत्र रमण कुमार, निवासी गांव थेर, डाकघर गुरचाल, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा; 25 वर्षीय गगनदीप सिंह , पुत्र लाडा राम, निवासी गांव राजपुरा, डाकघर ननोवाल जिंदर, जिला गुरदासपुर (पंजाब); तथा 23 वर्षीय सुखदीप सिंह, पुत्र अशोक राज, निवासी गांव फेरोचिची, डाकघर ननोवाल जिंदर, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया तथा उनके खिलाफ थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे यह मादक पदार्थ कहां से लाए थे और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। इसके साथ ही नशा तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।