पांगी में बादल फटने से भारी नुकसान, एसडीएम ने प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

पांगी में बादल फटने से भारी नुकसान, एसडीएम ने प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

चंबा, 02 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा के जनजातीय उपमंडल पांगी में बादल फटने की घटना से कई गांवों में भारी नुकसान हुआ है। स्थिति का जायजा लेने के लिए आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने वीरवार को ग्राम पंचायत साच एवं साहली के अंतर्गत कुठल, घीसल और हिलोर गांवों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें कृषि, उद्यान, पशुपालन, जल शक्ति, लोक निर्माण, वन, राजस्व और एकीकृत जनजातीय विकास विभाग के कर्मचारी शामिल थे।

एसडीएम अमनदीप सिंह ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि बादल फटने से कृषि भूमि, बागवानी, मकानों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन शीघ्र तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि प्रभावितों को जल्द राहत प्रदान की जा सके।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। लोक निर्माण विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त और अवरुद्ध सड़कों को युद्धस्तर पर बहाल करने का कार्य जारी है, ताकि दुर्गम क्षेत्र में लोगों की आवाजाही जल्द से जल्द सामान्य हो सके।एसडीएम ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि मानसून के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और भारी बारिश के समय नदी-नालों के समीप न जाएं।

उन्होंने पशुपालकों और चरवाहों को भी सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि बरसात के दौरान पशुओं को नदी-नालों के आसपास न चराएं। साथ ही उन्होंने लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया।इस दौरान वन मंडल अधिकारी रवि गुलेरिया, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग, आरओ रोहित प्रधान, नायब तहसीलदार नाजिर हुसैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!