नैनीखड में गुप्ता दंपत्ति ने स्कूल को भेंट किया वाटर कूलर, बच्चों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल

डलहौजी/ चम्बा 02 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
नैनीखड क्षेत्र में सामाजिक सरोकार का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब विख्यात कपड़ा विक्रेता “शुम्मे दी हट्टी” के मालिक हर्ष गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी पूजा गुप्ता ने साईं पब्लिक स्कूल, नैनीखड के विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की। दंपत्ति ने विद्यालय को एक आधुनिक पानी का कूलर भेंट कर बच्चों के स्वास्थ्य और सुविधा की दिशा में सराहनीय पहल की।यह वाटर कूलर स्वर्गीय जोगिंदर पाल महाजन जी की स्मृति में भेंट किया गया, जिससे इस नेक कार्य को भावनात्मक महत्व भी प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के दौरान श हर्ष गुप्ता और पूजा गुप्ता ने रिबन काटकर इस कूलर का विधिवत उद्घाटन किया और इसे विद्यालय के बच्चों को समर्पित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुभाष साहिल ने गुप्ता दंपत्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह कदम न केवल बच्चों के लिए लाभकारी है, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि गुप्ता दंपत्ति ने यह संदेश दिया है कि अपने गांव के शैक्षणिक संस्थानों को सशक्त बनाना अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे बच्चों को बेहतर सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें।कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबंधन समिति, स्टाफ सदस्य और विद्यार्थियों ने भी गुप्ता दंपत्ति का धन्यवाद किया। साथ ही, बच्चों के अभिभावकों ने भी इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे समाज के लिए एक अनुकरणीय कदम बताया।इस अवसर पर ग्राम पंचायत नैनीखड के जरेई वार्ड से नवनिर्वाचित वार्ड सदस्या श्रीमती बीना देवी तथा प्रख्यात साहित्यकार एवं मोटिवेशनल स्पीकर श फिरोज़ कुमार रोज़ विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।