नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 किलो 532 ग्राम चरस के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, मोटरसाइकिल भी जब्त

कांगड़ा/ नूरपुर 05 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नूरपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की सीआईए (CIA) टीम ने नागाबाड़ी टोल प्लाजा के समीप एक मोटरसाइकिल सवार को 2.532 किलोग्राम चरस (कैनाबिस) के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है।पुलिस टीम नियमित गश्त और चेकिंग अभियान के तहत नागाबाड़ी टोल प्लाजा के पास तैनात थी। इसी दौरान एक संदिग्ध हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर: PB 35 H 9592 वहां से गुजरती हुई दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल चालक के कब्जे से 2.532 किलोग्राम चरस बरामद की गई। अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुरअल्मा फिरोज ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया तथा बरामद नशीले पदार्थ और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय अश्वनी कुमार , पुत्र जसवंत राय, निवासी रविदास मॉल, नरोट मेहरा, तहसील व जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है।सीआईए नूरपुर की टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी इस अवैध कारोबार में कब से शामिल था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।