जिला चम्बा में “मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0” अभियान के तहत मध्यस्थता को बढ़ावा

जिला चम्बा में “मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0” अभियान के तहत मध्यस्थता को बढ़ावा

चम्बा, 05 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा द्वारा “मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0” विशेष अभियान के अंतर्गत जिले भर में मध्यस्थता (मेडिएशन) के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को विवादों के त्वरित, सौहार्दपूर्ण एवं कम खर्चीले समाधान के लिए मध्यस्थता को अपनाने हेतु प्रेरित करना है।यह जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा के सचिव श्री एकांश कपिल ने बताया कि राज्य प्राधिकरण द्वारा सभी जिलों को मध्यस्थता के माध्यम से अधिकाधिक मामलों के निस्तारण तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिला चम्बा में समाचार पत्रों, सोशल मीडिया, बैनर, पम्पलेट, विधिक जागरूकता शिविरों एवं अन्य जनसंपर्क माध्यमों के जरिए लोगों तक इस अभियान का संदेश पहुंचाया जा रहा है।उन्होंने बताया कि मध्यस्थता एक प्रभावी वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली है, जिसमें पक्षकार किसी निष्पक्ष मध्यस्थ की सहायता से आपसी संवाद और सहमति के आधार पर अपने विवादों का समाधान करते हैं। इससे समय और धन की बचत होती है, न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होता है तथा पारिवारिक, सामाजिक और व्यावसायिक संबंध भी मधुर बने रहते हैं।इसके तहत न्यायालय परिसरों, पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही पैरा लीगल वालंटियर्स के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को मध्यस्थता और निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे न्यायालयी प्रक्रिया के स्थान पर मध्यस्थता को प्राथमिकता दें और इस जनहितकारी अभियान का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!